
गढ़: धार्मिक नगरी ब्रजघाट गंगा घाट पर सरेआम शराब बिक्री का वीडियो बताया जा रहा पुराना
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट गंगा घाट का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स साइकिल पर शराब बेचता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके बाद तीर्थस्थल की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे थे।
मामले की गंभीरता को समझते हुए ब्रजघाट चौकी इंचार्ज अंकित कुमार से बातचीत की, तो उन्होंने इन अफवाहों का सच सामने रखा। चौकी इंचार्ज ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा यह वीडियो पूरी तरह पुराना है, जिस पर पुलिस पहले ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर चुकी है।
आपको बता दें कि ब्रजघाट देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख और पवित्र तीर्थस्थल है। यहाँ आने वाले भक्तों की आस्था और मर्यादा को बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार मुस्तैद रहता है। अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए घाटों पर विशेष अभियान चलाए जाते हैं।
स्थानीय पुलिस प्रशासन ने आम जनता और सोशल मीडिया यूजर्स से कड़ी अपील की है कि किसी भी पुराने या भ्रामक वीडियो को वर्तमान की घटना बताकर शेयर न करें। सोशल मीडिया पर कोई भी जानकारी फॉरवर्ड करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और घाट की पवित्रता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी तंत्र को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।”
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069






















