
चंडी माता की पालकी यात्रा धूमधाम से निकली, नगर पंचायत अध्यक्ष व थाना प्रभारी ने लिया माता का आशीर्वाद
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र की नगर पंचायत बाबूगढ़ छावनी में शिव मंदिर सेवा समिति धर्मार्थ ट्रस्ट के तत्वावधान में चंडी माता की पालकी यात्रा धूमधाम से निकाली गई। पालकी यात्रा का शुभारंभ चंडी मंदिर से हुआ। यात्रा नगर पंचायत के मुख्य बाजार, पोस्ट ऑफिस रोड, अंबेडकर रोड, बछलौता रोड और फौजी कॉलोनी मार्ग से होते हुए वापस चंडी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
पालकी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। यात्रा के अंबेडकर रोड पहुंचने पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा देवी ने चंडी माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। वहीं, अंबेडकर मूर्ति के पास थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने भी माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
चंडी माता की पालकी यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। निर्धारित मार्ग पर जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिसकर्मियों ने पूरे मार्ग पर निगरानी रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
पालकी यात्रा के दौरान शिव मंदिर सेवा समिति धर्मार्थ ट्रस्ट, बाबूगढ़ छावनी के पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया। यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। चंडी माता की पालकी यात्रा के वापस चंडी मंदिर पहुंचने के साथ ही कार्यक्रम का समापन हो गया।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010





















