
छह प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण के लिए आज से होंगे आवेदन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): प्रदेश के लघु और सीमांत किसान मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत कृषि संबंधी आवश्यकताओं के लिए छह प्रतिशत ब्याज दर पर दीर्घकालीन ऋण पाने के लिए सोमवार से आवेदन शुरू होंगे।
ऋण के लिए किसान उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की 323 शाखाओं व योजना के पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। अगले पांच वर्षों में पांच लाख किसानों को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार इस योजना के लिए बैंक को अनुदानस्वरूप 38 करोड़ रुपये देगी, सोमवार को इसका आदेश भी जारी होगा।
प्रदेश के लघु व सीमांत किसानों को कृषि व संबद्ध कार्यों के लिए सस्ते दर पर ऋण देने की इस योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 23 सितंबर को किया था। योजना के तहत एलडीबी के माध्यम से किसानों को 11 प्रतिशत ब्याज दर पर मिलने वाला कृषि ऋण अब महज छह प्रतिशत ब्याज दर पर किसानों को दिया जाएगा। सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने बताया कि योजना की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए कार्यशाला आयोजित कर बैंक शाखाओं के शाखा अध्यक्ष (डेलीगेट) को इसके प्रविधानों से अवगत कराया गया है। डेलीगेट किसानों को योजना से जोड़ने के साथ ऋण स्वीकृति में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010





















