
हापुड़ : रास्ता मांगने पर व्यापारी के घर में घुसकर हमला, कार में तोड़फोड़ और लैपटॉप गायब
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ के कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां महज रास्ता मांगने जैसी मामूली बात पर दबंगों ने एक व्यापारी के घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया।
मामला मजीदपुरा का है, जहां बुलंदशहर रोड पर स्टेट बैंक के पास रहने वाले मोहम्मद दानिश अपनी कार से घर लौट रहे थे। दानिश के घर के पास ही इकराम नाम का व्यक्ति चाय की दुकान चलाता है। आरोप है कि दुकान पर देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है और वे कुर्सियां डालकर घर के दरवाजे के सामने बैठ जाते हैं, जिससे घर की महिलाओं का निकलना दुश्वार हो जाता है।
7 जून की शाम जब दानिश ने रास्ता देने को कहा, तो वहां मौजूद इकराम, गुलजार और इमरान गाली-गलौज पर उतर आए।
विवाद इतना बढ़ा कि इकराम, गुलजार, इमरान, सुहैल और अर्श ने मिलकर दानिश के घर में घुसकर हमला कर दिया। आरोप है कि अर्श के हाथ में फावड़ा था और बाकी आरोपी लाठी-डंडों से लैस थे। दबंगों ने जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने आए दानिश के भाई फैसल को भी बुरी तरह पीटा गया।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने बाहर खड़ी कार पर फावड़े और डंडों से हमला कर शीशे तोड़ दिए और कार में रखा लैपटॉप भी गायब कर दिया। इस हमले में पीड़ित का करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
यह पूरी वारदात घर के बाहर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित दानिश की तहरीर पर पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)






















