
प्लॉट के नाम पर 1.80 लाख की ठगी, पैसे मांगने पहुंची महिला से अभद्रता और मारपीट
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ से ठगी और दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां प्लॉट दिलाने के नाम पर 1 लाख 80 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगा है। जब पीड़ित महिला अपने मेहनत के पैसे वापस मांगने पहुंची, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी।
पूरा मामला हापुड़ के ग्राम असौड़ा के मोहल्ला बकंद का है। यहां किराए पर रहने वाली शमा नाम की महिला ने बताया कि करीब 5 महीने पहले उसके पति शहजाद ने गांव के एक व्यक्ति को प्लॉट खरीदने के नाम पर 1.80 लाख रुपये दिए थे। लेकिन आरोप है कि न तो उन्हें प्लॉट मिला और न ही उनके पैसे वापस किए गए।
9 अक्टूबर की शाम को जब शमा अपने पैसे मांगने उसके घर पहुंची, तो आरोप है कि आरोपी और उसके साथियों ने उसके साथ हाथापाई और अभद्रता की। जब महिला का बेटा, उसका पति शहजाद और देवर बीच-बचाव व जवाब मांगने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।
घटना में महिला का पति और देवर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर परिवार को बचाया। पीड़ित परिवार ने अब पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Admission open (2026-27)
S.A International School
Call- 9258003065
Email-id stasfee.internationalschool@gmail.com






















