
सिंभावली: नो पार्किंग में खड़े वाहन बने काल, ट्रक हादसे में रामपुर के युवक की दर्दनाक मौत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हाजीपुर गांव के पास नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े एक कैंटर से चावल से लदा ट्रक टकराकर सड़क किनारे पलट गया। इस भीषण हादसे में ट्रक के परिचालक (हेल्पर) की मौत हो गई, जबकि एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार, रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र स्थित देवीपुरा निवासी मोहम्मद रईब अपने 22 वर्षीय हेल्पर साजिद के साथ ट्रक में चावल के बोरे भरकर रामपुर से मेरठ की ओर जा रहे थे।
जैसे ही उनका ट्रक गंगा एक्सप्रेसवे पर हाजीपुर गांव के पास पहुंचा, तभी सड़क किनारे ‘नो पार्किंग’ जोन में पहले से खड़े एक कैंटर से ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चावल से भरा ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए परिचालक साजिद को पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि कैंटर का प्रेशर पाइप फटने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था और पीछे बैरिकेडिंग भी लगाई गई थी। इसके बावजूद पीछे से आ रहे ट्रक की कैंटर से टक्कर हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर नो पार्किंग में खड़े वाहनों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365






















