
हापुड़: असौड़ा में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से मारपीट के बाद 10 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र अंतर्गत असौड़ा गांव के पीर मोहल्ले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मामूली कहासुनी और गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए।
इस भीषण मारपीट के दौरान मोहल्ले में अफरातफरी मच गई और लोग डर के मारे अपने घरों में दुबक गए। झगड़े में कुछ लोगों को चोटें आने की भी सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही सिलाई-द्वितीय चौकी क्षेत्र में चेकिंग कर रही पुलिस टीम रात करीब आठ बजे मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
थाना देहात प्रभारी पारस मालिक के अनुसार, उपनिरीक्षक आशू भारद्वाज की तहरीर पर पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया है। पुलिस ने बिलाल, कमरउद्दीन, आरिफ, अकरम, नदीम, आसिफ, शहजाद, सालिम, साजिद, मोटा और नूर समेत 10 नामजद आरोपियों तथा 2-3 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़






















