
गंगा स्नान के लिए जा रहे परिवार की ई-रिक्शा में टक्कर, 6 घायल; पांच मेरठ रेफर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ब्रजघाट में गंगा स्नान के लिए जा रहे एक परिवार की ई-रिक्शा में पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार छह लोग घायल हो गए, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुराने हाईवे पर हुआ हादसा:
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 12 बजकर 1 मिनट पर पीआरवी-9282 के माध्यम से सड़क हादसे की सूचना मिली। हादसा सिंभावली क्षेत्र में गांव फरीदपुर के फाटक से गढ़मुक्तेश्वर की ओर पुराने हाईवे पर करीब 200 मीटर आगे हुआ। सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
जांच में सामने आया कि हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी निवासी संदीप अपनी पत्नी पिंकी, भाई अमित, भाभी निशा और परिवार के अन्य सदस्यों आदेश व सावित्री के साथ ई-रिक्शा से ब्रजघाट गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गया और उसमें सवार सभी छह लोग घायल हो गए।
पांच घायलों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद संदीप, पिंकी, अमित, निशा और आदेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं, हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।
फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069






















