
पेपर के दाम 30% बढ़े, आपूर्ति घटी- पेपर कोन उद्योग बंदी की कगार पर?
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): देशभर के पेपर कोन निर्माताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक नई दिल्ली के एक होटल में आयोजित हुई। उद्यमी पवन शर्मा ने बताया बैठक में पिछले दो महीनों में क्राफ्ट पेपर की कीमतों में लगभग 30% तक की वृद्धि, आपूर्ति में भारी कमी तथा लागत के अनुरूप पेपर कोन के रेट नहीं बढ़ने से उत्पन्न गंभीर संकट पर गहन चर्चा की गई।
निर्माताओं ने कहा कि पेपर की उपलब्धता कम होने और कीमत लगातार बढ़ने से उत्पादन लागत विक्रय मूल्य से अधिक हो गई है। इस कारण देशभर की छोटी एवं मध्यम इकाइयों पर भारी आर्थिक दबाव है और उत्पादन ठप होने की स्थिति बन गई है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि पेपर की नियमित एवं पर्याप्त आपूर्ति शीघ्र सुनिश्चित नहीं हुई और पेपर कोन के रेट लागत के अनुरूप संशोधित नहीं किए गए, तो देशभर के निर्माता एक सप्ताह तक फैक्ट्रियां बंद रखने जैसे कठिन कदम पर विचार करने को विवश होंगे।
निर्माताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकारों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि पेपर की उपलब्धता और कीमतों का संज्ञान लेकर पेपर कोन और कोरगेटेड उद्योग को आवश्यक कच्चा माल उपलब्ध कराने हेतु क्राफ्ट पेपर के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया जाए।
निर्माताओं ने स्पष्ट किया कि पेपर कोन उद्योग टेक्सटाइल एवं स्पिनिंग उद्योग की महत्वपूर्ण सप्लाई चेन का हिस्सा है। यदि पेपर कोन का उत्पादन प्रभावित होता है तो स्पिनिंग मिलों का उत्पादन भी प्रभावित होगा, जिससे लाखों श्रमिकों के रोजगार पर संकट पैदा हो सकता है। इसका असर टेक्सटाइल उत्पादन और सरकार के GST सहित अन्य राजस्व पर भी पड़ेगा।
बैठक की अध्यक्षता सुभाष चंद्र अग्रवाल ने की। संचालन अशोक छारिया एवं पवन शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
बैठक में हापुड़, भीलवाड़ा, इंदौर, अहमदाबाद, लुधियाना, बद्दी, मुजफ्फरनगर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात एवं अन्य राज्यों से आए प्रमुख निर्माता – मुकेश गुप्ता, आदित्य राज मोदी, अशोक खंडेलवाल, मयूर पासवाला, कुलदीप गर्ग, उमेश शाह, सुधीर गुप्ता, पवन गोयल, के.के. अग्रवाल, अमन गुप्ता, विवेक शर्मा, विकास त्यागी, जय कुमार, अजय त्यागी, जितेंद्र अग्रवाल, नितिन त्यागी, अनुज कुमार एवं रवि सिंघल सहित बड़ी संख्या में पेपर कोन निर्माता उपस्थित रहे।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068





















