
नगर पंचायत बाबूगढ़ छावनी में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन, स्वच्छता की शपथ ली
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): नगर पंचायत बाबूगढ़ छावनी में स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 को लेकर एक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नगर क्षेत्र के नागरिकों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न संस्थानों कस्बे में स्थित सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य, कस्बे में स्थित सभी बैंकों के प्रबंधक, एवं सरकारी कार्यालय के अधिकारियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा देवी, अधिशासी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी, समस्त वार्ड सभासद, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, छात्र-छात्राएं, बैंक एवं सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान अमित कुमार निंबेकर विशेषज्ञ जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्वच्छ भारत मिशन द्वारा उपस्थित लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम प्रबंधक एसबीएम ने बताया कि घरों, विद्यालयों, कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर उत्पन्न होने वाले कूड़े का पृथक्करण, पुनर्चक्रण तथा वैज्ञानिक निस्तारण पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है। लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने तथा स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा देवी, ईओ पवित्रा त्रिपाठी ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को पूर्ण रूप से पर्यावरण हितैषी एवं जीरो वेस्ट थीम पर आयोजित किया गया। इस दौरान पॉलीथिन एवं डिस्पोजेबल प्लास्टिक सामग्री के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रखा गया। आयोजन में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न संदेशों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूकता फैलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन नगर पंचायत बाबूगढ़ के ब्रांड एंबेसडर हरीलाल तथा स्वच्छ भारत मिशन के कार्यक्रम प्रबंधक अमित कुमार नीमबेकर द्वारा किया गया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों एवं नगर पंचायत द्वारा संचालित विभिन्न स्वच्छता अभियानों की जानकारी दी।
इस अवसर पर सीएचसी सिकेड़ा के डॉ. नेक सिंह, ओम प्रकाश अग्रवाल, डॉ. रवि प्रकाश, कपिल सिंघल, मनोज कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा देवी एवं अधिशासी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को सफल बनाने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करने की अपील की।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069





















