
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद(ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव गालंद के गद्दोता मोहल्ले में चोरों ने बेहद शातिर तरीके से एक मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में घुसे और परिवार के सदस्यों के बैठक में सोते रहने के दौरान दूसरे कमरों से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 28 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। लाखों की चोरी को चोरों ने अंजाम दिया है।बताया गया कि देर रात चोर मकान में दाखिल हुए। परिवार के सदस्य घर की बैठक में सो रहे थे। चोरों ने बाहर से बैठक की कुंडी लगा दी, जिससे परिवार के लोग बाहर नहीं निकल सके। इसके बाद चोरों ने घर के अन्य कमरों को खंगालना शुरू कर दिया और वहां रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी पर हाथ साफ कर दिया।चोरों की शातिराना हरकत यहीं नहीं रुकी। बताया जा रहा है कि उन्होंने पड़ोसियों के घरों के दरवाजे भी बाहर से बंद कर दिए थे, ताकि चोरी के दौरान कोई बाहर निकलकर उन्हें देख न सके। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए।सुबह जब परिवार के सदस्यों की आंख खुली और उन्होंने घर का सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पिलखुवा पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। घटना के बाद गांव में भी दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
दातों की झनझनाहट को नजरअंदाज ना करें, नि:शुल्क सलाह के लिए कॉल करें: 7668219093, 9997097671





















