
सिंभावली: खलिहान से शीशम के तीन हरे पेड़ काटने पर दो लकड़ी ठेकेदारों पर मुकदमा दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के माधापुर गांव में खलिहान की जमीन से प्रतिबंधित प्रजाति के तीन शीशम के पेड़ अवैध रूप से काटने का मामला सामने आया है। जनसुनवाई पोर्टल पर मिली शिकायत के बाद वन विभाग और पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दो लकड़ी ठेकेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माधापुर गांव निवासी चमनलाल ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 जुलाई को गांव के खसरा संख्या 300 स्थित खलिहान की भूमि से शीशम के तीन हरे पेड़ अवैध तरीके से काट कर ले जाए गए। शिकायत का संज्ञान लेते हुए वन दरोगा सचिन कुमार ने 30 सितंबर को गांव पहुंचकर मामले की जांच की और शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर ठेकेदार हकीकत (निवासी वैठ) और सरफराज (निवासी रतुपुरा) के खिलाफ अवैध कटान और परिवहन का दोषी पाया गया। वन विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश ग्रामीण वृक्ष संरक्षण अधिनियम और उत्तर प्रदेश अभिवहन नियमावली के तहत पुलिस को तहरीर दी गई। मामले की पुष्टि करते हुए सीओ राहुल यादव ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
99 MINI MALL से खरीदें अधिकतर सामान मात्र 99/- में: 8191820867





















