
6 दिन बीते, पर नहीं मिला 13 वर्षीय देव का सुराग; परिजनों की बढ़ी चिंता
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। कस्तला की मढैया के रहने वाले राजकुमार का 13 वर्षीय बेटा देव बीते छह दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। देव कक्षा 10 का छात्र है।
मिली जानकारी के अनुसार, छह दिन पहले देव अपने दोस्त के साथ बदनौली ट्यूशन पढ़ने गया था। ट्यूशन खत्म होने के बाद उसका दोस्त तो सुरक्षित घर वापस लौट आया, लेकिन देव का कोई सुराग नहीं लगा।
जब देव काफी देर तक घर नहीं पहुंचा, तो चिंतित परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के संभावित ठिकानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। हार मानकर परिजनों ने पिलखुवा पुलिस को इस मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
घटना को छह दिन बीत जाने के बाद भी छात्र का कोई पता नहीं चलने से परिवार के लोग काफी डरे हुए हैं और अपने स्तर से भी लगातार देव की तलाश कर रहे हैं।
वहीं इस मामले में कोतवाली प्रभारी मनोज बालियान ने बताया कि छात्र की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। संभावित स्थानों से जानकारी जुटाने के साथ-साथ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264





















