
गढ़: ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से बंदर की मौत, बिजली आपूर्ति ठप
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित रविवार की सुबह नाजिम कॉलोनी रखे एक बिजली के ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से एक बंदर की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
मामला गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र का है, जहां एक बंदर अचानक पास में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। ट्रांसफार्मर में प्रवाहित हो रहे हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आते ही बंदर को जोरदार झटका लगा और वह ट्रांसफार्मर से ही चिपक गया।
धमाके और स्पार्किंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। जब तक लोग कुछ समझ पाते या बिजली कटवा पाते, तब तक बेजुबान बंदर की झुलसने से दर्दनाक मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय बिजली विभाग को दी गई, जिसके बाद लाइन काटी गई और स्थिति को नियंत्रित किया गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि आए दिन ट्रांसफार्मर और खुले तारों के कारण इस तरह के हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने बिजली विभाग से सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने और ट्रांसफार्मर के आसपास जाली लगाने की मांग की है।
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है। फिलहाल क्षेत्र में बिजली बहाल कर दी गई है, लेकिन बेजुबान की मौत से इलाके के लोग काफी दुखी हैं।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069





















