
संस्कार कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड रिसर्च में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व फार्मासिस्ट दिवस
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): संस्कार कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड रिसर्च में शुक्रवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 का आयोजन बड़े उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं फैकल्टी सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस वर्ष विश्व फार्मासिस्ट दिवस की थीम “Empowering Pharmacists for Healthier Future” (स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्ट को सशक्त बनाना) तथा सब-थीम “स्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) से मुकाबला” रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एंटीबायोटिक दवाओं के सही एवं जिम्मेदार उपयोग, संक्रमण की रोकथाम, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस तथा मरीजों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात छात्रों एवं फैकल्टी सदस्यों ने फार्मासिस्ट की जिम्मेदारियों एवं मरीजों की सुरक्षा के प्रति शपथ ली। बी.फार्मा के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गीतों ने कार्यक्रम में उत्साह का वातावरण बनाया।
कार्यक्रम में हापुड़ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों एवं फैकल्टी सदस्यों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने दवाओं के सुरक्षित एवं सही उपयोग पर जोर देते हुए “5 Rights” — सही मरीज, सही दवा, सही मात्रा, सही तरीका एवं सही समय के पालन को आवश्यक बताया।
डॉ. आहूजा ने एंटीबायोटिक्स के अनावश्यक एवं गलत इस्तेमाल से उत्पन्न होने वाले एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस को गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बताते हुए कहा कि फार्मासिस्ट इस समस्या से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने मरीजों को बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक का सेवन न करने तथा डॉक्टर द्वारा निर्धारित दवा का पूरा कोर्स करने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए फार्मा क्विज, पोस्टर प्रेजेंटेशन, डिबेट एवं पैनल डिस्कशन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। डिबेट प्रतियोगिता में गरिमा शर्मा (B.Pharm II वर्ष) ने प्रथम, तान्या (B.Pharm III वर्ष) ने द्वितीय तथा लक्ष्य शर्मा (B.Pharm I वर्ष) एवं कृष्णा (D.Pharm II वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
फार्मा क्विज में Team ALPHA ने प्रथम तथा Team PENICILLIN SQUAD ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर प्रेजेंटेशन में श्रितिका एवं स्नेहा (B.Pharm III वर्ष) ने प्रथम तथा हिमानी बंसल (B.Pharm IV वर्ष) एवं वंशिका (B.Pharm III वर्ष) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि डॉ. किशोर कुमार आहूजा, डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) बबीता कुमार, HOD डॉ. शबनम ऐन, डॉ. अनुराधा सिंह एवं इवेंट कोऑर्डिनेटर्स द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका तथा जिम्मेदार, नैतिक एवं मरीज-केंद्रित फार्मेसी प्रैक्टिस की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक प्रतिभा, संवाद कौशल, टीमवर्क एवं स्वास्थ्य क्षेत्र की समसामयिक चुनौतियों के प्रति जागरूकता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी छात्रों, विजेताओं, फैकल्टी सदस्यों एवं आयोजन टीम को बधाई दी गई। कार्यक्रम का समापन डॉ. शबनम ऐन द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।
VIKAS GLOBAL SCHOOL || ADMISSION OPEN: NURSERY TO IX & XI : 8710848586, 8710868788






















