
रेलवे का बड़ा प्लान: मुरादाबाद-गाजियाबाद रूट पर अब चलेंगी ज्यादा ट्रेनें, 11 गांवों की जमीन का होगा अधिग्रहण
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):मुरादाबाद से गाजियाबाद रेल मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। रेलवे अब इस रूट पर पटरियों की संख्या दो से बढ़ाकर चार (4) करने जा रहा है। ट्रेन संचालन की क्षमता बढ़ाने और ट्रैफिक का दबाव कम करने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड ने इसके लिए सर्वे की प्रक्रिया तेज कर दी है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत गढ़मुक्तेश्वर से सिखैड़ा तक लगभग 56 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इसमें रेलवे की वर्तमान जमीन के अलावा करीब 30 मीटर अतिरिक्त भूमि भी शामिल होगी।
इस अधिग्रहण के दायरे में तहसील क्षेत्र के करीब 11 गांव आ रहे हैं— जिनमें सरूरपुर, मुरादपुर, रतूपुरा, सिखैड़ा, बदरखा, अल्लाबख्शपुर, अठसैनी, बागड़पुर, गढ़ बांगर और गढ़ खादर मुख्य रूप से शामिल हैं। राजस्व विभाग की टीम फिलहाल इन जमीनों के रिकॉर्ड जुटाने और सर्वे करने में जुटी हुई है।
खास बात यह है कि नेशनल हाईवे-09 (NH-09) और रेलवे ट्रैक के बीच स्थित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान जैसे कि होटल, ढाबे, रेस्तरां और रिसॉर्ट भी इस अधिग्रहण की चपेट में आ सकते हैं। इससे स्थानीय कारोबारियों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
“रेलवे बोर्ड की ओर से दो पटरियों को बढ़ाकर चार करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए सर्वे किया जा रहा है और तहसील प्रशासन से 11 गांवों की जमीन का विवरण मांगा गया है। आगामी औपचारिकताओं और सर्वे के बाद ही प्रभावित जमीनों की स्पष्ट स्थिति सामने आ पाएगी।”
चार ट्रैक बनने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही पहले से कहीं ज्यादा सुगम हो जाएगी और देरी से चलने वाली ट्रेनों से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010




















