
धौलाना: टेंट हाउस में भीषण आग से लाखों का नुकसान
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र के गांव सपनावत बस अड्डे पर स्थित एक टेंट हाउस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, गुलावठी के रहने वाले कौशल कुमार की सपनावत बस अड्डे पर ‘कौशल टेंट हाउस’ नाम से दुकान है। गुरुवार को दुकान से अचानक धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों ने बिना समय गंवाए पानी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगर लोगों ने समय रहते मुस्तैदी न दिखाई होती, तो आग आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
हादसे की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई, लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंचती, तब तक ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई जा चुकी थी। दुकान संचालक कौशल कुमार के मुताबिक, इस अग्निकांड में उनका लगभग दो लाख रुपये का टेंट का सामान और अन्य सामग्री जलकर पूरी तरह राख हो गई है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि दुकान के अंदर बिजली का कोई तार या कनेक्शन ही नहीं था। ऐसे में बिना बिजली के दुकान में अचानक आग कैसे लगी, इसे लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल आग लगने के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की छानबीन की जा रही है।
Admission open (2026-27)
S.A International School
Call- 9258003065
Email-id stasfee.internationalschool@gmail.com





















