
गढ़मुक्तेश्वर: सादुल्लापुर के जंगलों में मिले पशु के अवशेष, लोगों में आक्रोश
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के सादुल्लापुर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के पास स्थित बाग में तीन पशुओं के अवशेष मिलने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों और हिंदू संगठनों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।
पूरा मामला गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां गुरुवार शाम कुछ लोग लखेंद्र सिंह के बाग की तरफ गए तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। बाग में करीब 200 मीटर के दायरे में अलग-अलग जगहों पर तीन पशुओं के अवशेष बिखरे पड़े थे। आशका जताई जा रही है कि बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के जिला संयोजक लोकेंद्र राणा अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गोकशी की घटनाओं पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों और संगठन के पदाधिकारियों को शांत कराया और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने का भरोसा दिया है। फिलहाल पुलिस की देखरेख में अवशेषों को दबाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365





















