
बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई पुलिस की गाड़ी, कांस्टेबल सुमित की इलाज के दौरान मौत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए एक भयानक सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रहे एक पुलिस जवान की जान चली गई। हादसा बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के पास उस वक्त हुआ जब सिपाही का सरकारी वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर और रेलिंग से टकरा गया।
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर जिले के तितावी थाना क्षेत्र स्थित जसोई गांव के रहने वाले सुमित कुमार सैनी शाहजहांपुर पुलिस लाइन में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। बुधवार शाम करीब 6 बजे वे शाहजहांपुर से सरकारी टाटा सूमो कार लेकर VIP ड्यूटी के लिए नोएडा जा रहे थे। गंगा एक्सप्रेसवे पर आलमनगर गांव के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ते हुए दूसरी लेन में चली गई और रेलिंग से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि सिपाही सुमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के वक्त मौके से गुजर रहे एक अन्य पुलिसकर्मी प्रमोद कुमार ने तुरंत घायल सुमित को संभाला और स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान सुमित कुमार सैनी ने दम तोड़ दिया। मामले की जानकारी देते हुए एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया:”गंगा एक्सप्रेसवे पर पुलिस का एक सरकारी वाहन हादसे का शिकार हो गया, जिसमें सिपाही सुमित कुमार गंभीर रूप से घायल हुए थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाली जा रही है।”
फिलहाल पुलिस हादसे की तकनीकी वजहों की जांच कर रही है। इस दुखद हादसे के बाद मृतक जवान के परिवार और पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई है।
कमल डोसा प्लाजा पर चखें मधुबन बड़ा व स्वादिष्ट डोसे का स्वाद: 7017570838, 7668606012*





















