
प्रतिबंध के बावजूद गंगा में मूर्ति विसर्जन करने पहुंच रहे श्रद्धालुओं को थाना प्रभारी ने समझाया
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के ब्रजघाट में मूर्ति विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है। इसी को देखते हुए पुलिस ने गंगा में मूर्ति विसर्जन रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया।
गढ़मुक्तेश्वर थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने पुलिस बल के साथ ब्रजघाट पहुंचकर श्रद्धालुओं को लाउडस्पीकर के माध्यम से समझाया। पुलिस ने स्पष्ट रूप से कहा कि गंगा में मूर्ति विसर्जन न किया जाए। साथ ही श्रद्धालुओं को निर्धारित स्थान और प्रशासन द्वारा बताए गए नियमों का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति गंगा में मूर्ति विसर्जन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, यदि कोई नाविक श्रद्धालुओं को गंगा में मूर्ति विसर्जन कराने के लिए नाव से ले जाता है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने लाउडस्पीकर के माध्यम से समय-समय पर श्रद्धालुओं को जागरूक किया और गंगा की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। पुलिस की टीम लगातार ब्रजघाट पर निगरानी रख रही है।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559






















