
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के नए हाईवे पर बछलौता फ्लाईओवर पर एक बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सड़क हादसे के दौरान मां और बेटे की मौत हो गई जबकि उसका पति और दूसरा बच्चा घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची जिसने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार अकरम पुत्र खुर्शीद निवासी कुमरया कला थाना ठाकुरद्वारा मुरादाबाद, अपनी पत्नी शबाना, बेटे अबूबकर, बेटी जुबिया के साथ बाइक पर सवार होकर शुक्रवार को गढ़ से हापुड़ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह बछलौता फ्लाईओवर पर पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने अपाचे बाइक में टक्कर मार दी। सड़क हादसे के दौरान शबाना और अबूबकर की मौत हो गई जबकि जुबिया और अकरम घायल हो गए जिन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




















