
फरीदाबाद पुलिस ने होटल बुकिंग के नाम पर ठगी करने के मामले में हापुड़ निवासी समेत सात पकड़े
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हरियाणा के फरीदाबाद पुलिस ने फर्जी वेबसाइट बनाकर होटल बुकिंग के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमें जनपद हापुड़ के पिलखुवा के दिनेश नगर का रहने वाला विशाल त्यागी भी शामिल है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फरीदाबाद के साइबर थाना सेंट्रल प्रभारी वसंत कुमार ने बताया कि फरीदाबाद के सेक्टर 78 निवासी महिला ने 16 जून को अंडमान में होटल बुकिंग के लिए इंटरनेट पर सर्च किया था। उस दौरान उसे पेसिफिक होलीडेज इंडिया के नाम से एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म मिला। वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद ठगों ने होटल बुकिंग कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद अलग-अलग माध्यम से महिला से 84 हजार रुपए बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। बाद में बुकिंग नहीं मिलने पर महिला को ठगी का पता चला जिसने पुलिस से शिकायत की।
इंस्पेक्टर बसंत कुमार ने बताया कि गिरोह का सरगना विक्रम है जो अपनी पत्नी के जरिए बैंक खाता हासिल करता था। मामले में एक महिला समेत सात को गिरफ्तार किया गया है जिनमें से चार कॉलर है जो किराए के कमरे से लोगों को फोन करते थे। पुलिस ने जनपद हापुड़ के पिलखुवा के दिनेश नगर निवासी विशाल त्यागी, गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार निवासी विक्रम व एक महिला, नंदग्राम गाजियाबाद निवासी राहुल, अंकुर चौहान, पुनीत सक्सेना, ज्वालापुर हरिद्वार निवासी जय बिष्ट को गिरफ्तार किया है। गिरोह का सरगना विक्रम है जोकि गाजियाबाद के मरियम नगर में कमरा किराए पर लेकर वहां से विशाल, अंकुर और पुनीत सक्सेना के साथ बैठकर होटल बुकिंग के लिए कॉल करता था।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़


















