
हापुड, सीमन / संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर पुलिस ने क्षेत्र में सोना पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार की सुबह कैंटर चालक के साथ हुई 5 लाख की लूट के मामले में शनिवार को खुलासा कर दिया है। जांच में कैंटर चालक ही इस घटना का मास्टरमाइंड निकला जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रुपए भी बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके ऊपर काफी कर्ज था जिसके चलते उसकी नीयत फिसल गई और उसने पुलिस को लूट की फर्जी सूचना दी। उसने पांच लाख की नकदी केंटर के डाले की पाइप में छिपा कर पाइप पर वेल्डिंग कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शत-प्रतिशत पांच लाख की नकदी, घटना में इस्तेमाल मोबाइल व कैंटर बरामद किया है।
यह है मामला:
जनपद बुलंदशहर के गांव रामपुर मानपुर निवासी गुलहसन अपना कैंटर भाड़े में चलाता है। गुरुवार को किसी ठेकेदार की लकड़ी वह हापुड़ की गढ़ रोड़ पर स्थित एक टिंबर व्यापारी के यहां बेचने के लिए आया था। शुक्रवार की सुबह करीब 7:00 बजे व्यापारी से उसने अपने माल के बदले पांच लाख रुपए लिए और कैंटर लेकर घर की ओर बढ़ने लगा। आरोप है कि सोना पेट्रोल पंप के सामने पहुंचने पर तीन लोगों ने उसे गुलावठी की तरफ जाने के लिए इशारा किया तो उसने कैंटर रोक दिया। इसके बाद तीनों लोग कैंटर में सवार हो गए। तीनों ने चालक गुलहसन को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया जिसके बाद बात करते-करते वह बेहोश हो गया। तीनों आरोपियों ने उसका नोटों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। होश में आने पर चालक ने पुलिस को मामले से अवगत कराया।
बार-बार बदल रहा था बयान:
पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की तो कहानी कुछ और ही निकली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। साथ ही चालक से सख्ती से पूछताछ की। चालक बार-बार अपने बयान बदलने लगा। इसके बाद पुलिस को शक हुआ और उसने कड़ाई से पूछताछ की तो चालक ने सब कुछ उगल दिया जिसके बाद चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

















