
करंट लगने से संविदा लाइनमैन की दर्दनाक मौत, परिजनों ने एसएसओ और जेई पर लगाए गंभीर आरोप
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में थाना सिंभावली क्षेत्र स्थित हरोड़ा फीडर बिजलीघर पर शनिवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज हादसा सामने आया।
हुकमी गांव के पास ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर रहे एक संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने बिजलीघर पर तैनात एसएसओ और जेई पर रंजिश के चलते जानबूझकर शटडाउन प्लेट हटाकर बिजली आपूर्ति चालू करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरोड़ा उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत भीम सिंह उर्फ पप्पन, पुत्र शेरपाल, शनिवार सुबह करीब 9 बजे एक शिकायत के निस्तारण के लिए हुकमी गांव के पास स्थित ट्रांसफार्मर के जोड़े पर काम करने गए थे।
बताया जा रहा है कि भीम सिंह ने नियमानुसार बिजलीघर में स्थित पीडीडब्ल्यू मशीन पर शटडाउन प्लेट लगाई थी, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान पीछे से कोई बिजली आपूर्ति चालू न कर सके लेकिन इसी दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ गया, जिससे भीम सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि बिजलीघर पर तैनात एसएसओ और जेई ने रंजिश के चलते जानबूझकर शटडाउन प्लेट हटाकर बिजली चालू कर दी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। वहीं, घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है।
फिलहाल पुलिस ने मामले में तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि यह हादसा लापरवाही का परिणाम था या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
कमल डोसा प्लाजा पर चखें मधुबन बड़ा व स्वादिष्ट डोसे का स्वाद: 7017570838, 7668606012*

















