
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (EHapurNewscom): जनपद हापुड़ के सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पठन-पाठन, मध्याह्न भोजन योजना और अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर तीन प्रधानाध्यापकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।कार्रवाई के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों की इस कार्रवाई से शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों में भी खलबली मची हुई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में पठन-पाठन, बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन और जरूरी अभिलेखों के रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उच्च प्राथमिक विद्यालय छिजारसी में निरीक्षण के दौरान एमडीएम पंजिका अधूरी मिली। वहीं छात्र उपस्थिति और मध्याह्न भोजन पंजिका में दर्ज छात्रों की संख्या में भी काफी अंतर पाया गया। इसको लेकर वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई गई है। इसके अलावा विद्यालय में समय-सारणी भी चस्पा नहीं मिली।निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शौचालयों पर ताले लटके मिले, जबकि हैंडवॉश के लिए लगी टोंटियां भी गायब थीं। विभाग की ओर से पूर्व में जारी किए गए कारण बताओ नोटिस का समय पर साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए जाने को भी गंभीर लापरवाही माना गया।बीएसए दीपा भाटी ने निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। विभाग की इस कार्रवाई के बाद माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी विद्यालयों में औचक निरीक्षण का सिलसिला जारी रहेगा और लापरवाही मिलने पर संबंधित शिक्षकों व प्रधानाध्यापकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।




















