
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (EHapurNews.com): जनपद हापुड़ में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित टीम ने बाबूगढ़ के कुचेसर रोड चौपला क्षेत्र के फतेहपुर स्थित एक मकान पर औचक छापा मारा। कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 955 किलोग्राम मिलावटी क्रीम बरामद की। यह क्रीम हापुड़ भी सप्लाई की जा रही थी।विभाग के अनुसार, मौके पर तुषार शर्मा निवासी बनखंडा द्वारा क्रीम तैयार की जा रही थी। आरोप है कि रिफाइंड, सपरेटा दही और थोड़ी मात्रा में असली क्रीम मिलाकर यह क्रीम तैयार की जा रही थी। इसका इस्तेमाल कथित तौर पर देशी घी और बटर बनाने में किया जाता था।खाद्य विभाग की टीम ने बरामद करीब 955 किलो मिलावटी क्रीम को मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 43 हजार 250 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही प्रतिष्ठान से क्रीम के दो और वनस्पति का एक नमूना जांच के लिए लिया गया है।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था। इस पर टीम ने तत्काल प्रतिष्ठान को बंद करा दिया। वहीं, बिना खाद्य अनुज्ञप्ति के खाद्य कारोबार संचालित करने के मामले में प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ वाद दायर करने की कार्रवाई की जाएगी।खाद्य विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




















