
कांवड़ यात्रा के दौरान विद्युत आपूर्ति की रहेगी बेहतर व्यवस्था
हापुड,सूवि(ehapurnews.com):पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि0 के प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता ने बुधवार को पवित्र श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत बृजघाट, गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्थाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए की गई तैयारियों का मूल्यांकन करना तथा फील्ड स्तर पर की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा करना था।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने कांवड़ मार्ग पर विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता, उपकेंद्रों की कार्यप्रणाली, ट्रांसफार्मरों की स्थिति, विद्युत लाइनों की सुरक्षा, संवेदनशील स्थलों पर किए गए सुरक्षा उपायों तथा फील्ड टीमों की तैनाती का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न स्थानों पर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि यात्रा अवधि के दौरान विद्युत आपूर्ति पूरी तरह सुचारु बनी रहे।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु इस मार्ग से होकर गुजरते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी उपकेंद्रों, फीडरों एवं विद्युत लाइनों की नियमित पेट्रोलिंग की जाए तथा संभावित जोखिम वाले स्थानों की विशेष निगरानी रखी जाए। जहां आवश्यकता हो, वहां अतिरिक्त तकनीकी एवं मानव संसाधन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। कांवड़ यात्रा के दौरान स्थापित होने वाले शिविरों, सेवा केंद्रों एवं अन्य आवश्यक स्थलों पर “अस्थायी विद्युत संयोजन (टेम्परेरी कनेक्शन) प्राथमिकता के आधार पर निर्गत किए जाएं। उन्होंने कहा कि अस्थायी कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया को सरल, त्वरित एवं पारदर्शी बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आयोजन समितियों को समय पर विद्युत सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी अस्थायी संयोजन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप प्रदान किए जाएं तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे यात्रा के दौरान निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति बनी रहे।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक फील्ड टीम आवश्यक सुरक्षा उपकरणों एवं अनुरक्षण सामग्री के साथ पूरी तरह तैयार रहे। किसी भी तकनीकी खराबी अथवा विद्युत फॉल्ट की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर न्यूनतम समय में उसका निस्तारण किया जाए। उन्होंने नियंत्रण कक्षों को 24×7 सक्रिय रखने तथा प्रत्येक शिकायत एवं सूचना की निरंतर मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।
प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा की पूरी अवधि में सभी अभियंता एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करें तथा पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन के साथ सतत समन्वय बनाए रखें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जहां-जहां कांवड़ शिविर, विश्राम स्थल एवं प्रमुख धार्मिक स्थल स्थित हैं, वहां विद्युत आपूर्ति की निरंतर निगरानी की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी यात्रा अवधि में सतत निगरानी, त्वरित फॉल्ट निस्तारण, बेहतर समन्वय एवं उच्चतम स्तर की कार्यकुशलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था एवं सुविधा के अनुरूप उत्कृष्ट विद्युत सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464























