
हापुड, सूवि (ehapurnews.com): डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव डेवलपमेन्ट कमेटी (डी०सी०डी०सी०) की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में क्लेक्ट्रेट सभागार, हापुड़ में आयोजित की गयी। बैठक के सदस्य संयोजक श्री हिमांशु कुमार, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता द्वारा बताया गया कि जनपद की सभी 51 पैक्स समिति, 5 मत्स्य सहकारी समिति तथा 92 डेयरी सहकारी समितियों का विवरण राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस पोर्टल पर फीड किया जा चुका है। शासन की मंशा के अनुसार जनपद में 15 नयी समितियों का गठन किया गया है। जनपद की 50 बी०-पैक्सों के द्वारा ऋण वितरण का कार्य किया जा रहा है। जनपद की सभी 273 ग्राम पंचायत बहुउद्देश्यीय पैक्सों से आच्छादित है।
जिलाधिकारी महोदया द्वारा नवगठित बी०-पैक्सों में शीघ्र भूमि एवं भवन की उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने हेतु निर्देश दिये गये। उनके द्वारा कृषकों को अधिक से अधिक संख्या में फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराये जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। जनपद में 34 बी0 पैक्सों पर सी०एस०सी० केन्द्र व 02 बी0 पैक्सों पर जनऔषधि केन्द्र संचालित है। 05 समितियों को जनऔषधि केन्द्र का ड्रग लाइसेन्स व स्टोर कोड प्राप्त हो चुका है, उनमें शीघ्र जनऔषधि केन्द्र खुलवाने के निर्देश भी दिये गये। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद की समितियों पर 964 मै०टन यूरिया, 479 मै०टन डी०ए०पी० एवं 24 मै०टन एन०पी० के० उपलब्ध है। साथ ही पी०सी०एफ० के बफर गोदाम में सामान्य एवं प्रीपोजिशनिंग के स्टॉकों को मिलाकर कुल 2426 मै०टन यूरिया, 2203 मै०टन डी०ए०पी० एवं 200 मै०टन एन०पी०के० उपलब्ध है एवं कृषकों को नियमानुसार निरंतर उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जा रही है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता द्वारा डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव डेवलपमेन्ट कमेटी (डी०सी०डी०सी०) के सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुये जिलाधिकारी की अनुमति के उपरांत बैठक का समापन किया गया।























