
एलायंस ने गौशाला में लगाया दंत परीक्षण कैम्प
हापुड,सीमन (EHAPURNEWS.COM):एलायंस क्लब हापुड़ गौरव के तत्वावधान में गढ़ रोड स्थित गौशाला परिसर में एक विशाल निःशुल्क डेंटल चेकअप कैम्प का आयोजन किया गया। समाज सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर दंत स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया।
कैम्प में कुल 254 लोगों की दंत जांच की गई तथा सभी को निःशुल्क टूथपेस्ट वितरित किए गए। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों को दांतों की स्वच्छता, नियमित देखभाल एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. आशीष अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ दांत अच्छे स्वास्थ्य का आधार होते हैं। उन्होंने लोगों से नियमित दंत परीक्षण कराने एवं दांतों की स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।
संस्था अध्यक्ष डॉ. आराधना बाजपेई ने कहा कि एलायंस क्लब सदैव सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. पारुल अग्रवाल ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानव सेवा ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है।
सचिव नीरु मित्तल एवं कोषाध्यक्ष अर्चना कंसल ने संयुक्त रूप से कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं और लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।
मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर भगवंत गोयल ने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा के माध्यम से ही संगठन की वास्तविक पहचान बनती है।
विशिष्ट अतिथि इंटरनेशनल प्रवक्ता डॉ. अनिल बाजपेई एवं इंटरनेशनल डायरेक्टर अजय बंसल ने कहा कि सेवा के ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं मानवीय संवेदनाओं को सशक्त बनाते हैं।
इस अवसर पर डिप्टी गवर्नर विपिन सिंघल, डॉ. सुनीता शर्मा, मोहित अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट सेक्रेटरी राहुल गुप्ता, विश्वास गोयल, विपिन अग्रवाल, सुनील शर्मा, दीपाली मित्तल, सुषमा खन्ना, उर्मिला शर्मा, रजनी बंसल, मधु गर्ग, डॉ. वंशिका, डॉ. कोमल, सीमा शर्मा, जुशिका सोफी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जय गुरुदेव ज्वेलर्स से खरीदें सोने, चांदी व डायमंड की ज्वेलरी: 9634998846

























