
बीएसए ने दो शिक्षकों को किया निलंबित
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): बॉर्ड ड्यूटी का फर्जी मुक्ति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के मामले में जनपद हापुड़ की बेसिक शिक्षा अधिकारी ऋतु तोमर ने झड़ीना स्थित प्राथमिक स्कूल के सहायक अध्यापक सिद्धार्थ कुमार को निलंबित कर दिया है। वहीं बच्चों से अभद्रता के मामले में न्याजपुर खैया स्थित स्कूल शिक्षक फरमान को भी निलंबित किया गया है। दोनों प्रकरण की जांच भी जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार प्राथमिक विद्यालय झड़ीना के अध्यापक सिद्धार्थ कुमार व आशीष चौहान की ड्यूटी गढ़मुक्तेश्वर के लाला बाबू बैजल मेमोरियल इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा में थी। पोर्टल पर उपस्थित लॉक से पहले बोर्ड ड्यूटी का मुक्ति प्रमाण पत्र मांगा गया था। स्कूल के प्रधानाध्यापक मनीष शर्मा ने बीएसए को सौंपे पत्र में आरोप लगाया कि इन दोनों शिक्षकों द्वारा फर्जी प्रमाण पत्र दिया गया है जिसमें बोर्ड परीक्षा ड्यूटी की संख्या में 15 दिन में 15 सत्र दर्शाई गई थी जबकि इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रमाण पत्र में बोर्ड परीक्षा ड्यूटी की संख्या 6 दिन में 7 सत्र अंकित थी। दोनों में कुल 9 दोनों का कार्य अंतर मिला। जांच में पता चला कि शिक्षक द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर भी फर्जी किए गए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार ने साक्ष्यों सहित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट सौंपी। प्रकरण में बीएसए ने शिक्षक सिद्धार्थ कुमार को निलंबित कर दिया। खंड शिक्षा अधिकारी देशराज वत्स को जांच सौंपी है। निलंबित अवधि के दौरान के कंपोजिट विद्यालय में उपस्थिति दर्ज कराएंगे। वहीं शिक्षक आशीष चौहान पर लगे आरोपों के बाद प्रधानाध्यापक से भी तीन दिन में साक्ष्य मांगे गए हैं। बच्चों से अभद्रता करने के मामले में नयाजपुर खैया स्थित स्कूल के शिक्षक फरमान को भी निलंबित कर दिया गया है।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068

































