
श्री सिंह बाबा स्थल पर रामलला की मूर्ति की स्थापना
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम उपेड़ा में धार्मिक आस्था का भव्य आयोजन देखने को मिला जहां श्री सिंह बाबा स्थल पर श्री राम लला की मूर्ति की स्थापना विधि-विधान के साथ की गई। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मूर्ति स्थापना के उपलक्ष्य में गांव में भव्य झांकी निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ श्रद्धालु झूमते नजर आए। इसके साथ ही कलश यात्रा का भी आयोजन किया गया, जिसमें गांव की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
श्री सिंह बाबा स्थल पर पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच श्री राम लला की मूर्ति की विधिवत पूजा-अर्चना कर स्थापना की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने श्रद्धा के साथ पूजा में भाग लिया। कार्यक्रम के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें समस्त क्षेत्रवासियों और ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से लेकर देर शाम तक लोगों का आना-जाना लगा रहा और पूरे गांव में उत्सव का माहौल बना रहा।
मौके पर स्थानीय पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस की देखरेख में ही पूरे गांव में झांकी और कलश यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसमें पुलिस का अहम योगदान रहा। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। पूरा कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और सामूहिक सहयोग का प्रतीक बना रहा।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025

































