
होली पर्व व जुम्मे की नमाज को भाईचारा की भावना रखते हुए मनाए: एस पी
हापुड़(सू0वि0)(ehapurnews.com): पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह व अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में 02 मार्च तथा 04 मार्च 2026 को होली के त्यौहार को शांतिपूर्ण सौहार्दपूर्ण रूप से मनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ शनिवार को एक बैठक आयोजित की गई।
अपर जिलाधिकारी ने होली व ईद के अवसर पर साफ-सफाई रखने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका से हर स्थान पर साफ सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई करने के लिए संबंधित सफाई कर्मी की ड्यूटी रोस्टर बना करके हर हालत में लगा दी जाए जिससे किसी भी प्रकार की सफाई संबंधी समस्या ना उत्पन्न होने पाए। इसके अलावा सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारी तथा पुलिस उप अधीक्षक अपने-अपने स्तर पर पीस कमेटी की बैठक करके तहसीलों में शांति का माहौल को तैयार करें।
अपर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारी को सख्त निर्देश दिया कि होलिका दहन के स्थल पर तार उचित दूरि पर हो। ऐसा ना हो की होलिका दहन से किसी स्थान पर तारों के कारण किसी प्रकार की अनहोनी की घटना होने पाये। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी के लापरवाही से कोई घटना होने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी से कहा कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एंबुलेंस को तैयार रखा जाए तथा रोस्टर बनाकर के डॉक्टरों की ड्यूटी लगा दी जाए। उन्होंने कहा कि इस बार होली व जुम्मे की नमाज को लेकर सभी लोग आपस में भाईचारे की भावना रखते हुए दोनों पर्वों को शांति एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से बनाएं। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की होली के पर्व पर बाहर से आने वाली शराब पर कड़ी नजर रखते हुए उचित कार्रवाई करना सुनिश्चित करें इसके अतिरिक्त गढ़मुक्तेश्वर खादर क्षेत्र में बनने वाली कच्ची शराब पर भी निरंतर अभियान चलाते रहें। उन्होंने फायर विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की होली दहन के दौरान फायर बाइक की भी व्यवस्था होनी चाहिए। अपर जिलाधिकारी ने नगर पालिका एवं जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि होली पर्व के दौरान पानी की आपूर्ति बाधित नहीं रहनी चाहिए साथ ही जहां पर होलिका दहन किया जाएगा वहां पर पानी की उचित व्यवस्था होनी चाहिए।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, उप जिलाधिकारी, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559






























