
गाली देने का विरोध करने पर किशोर पर किया चाकू से हमला
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव भैना में मंगलवार की देर शाम गाली देने का विरोध करने पर 15 साल के किशोर पर चाकू से वार कर हमला करने का मामला सामने आया है। लहूलुहान हालत में किशोर को स्वजन ठेली पर अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसका उपचार किया गया। गंभीर हालत को देखते हुए किशोर को मेरठ के लिए रेफर कर दिया है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के रहने वाले 15 साल का अर्जुन सरकारी स्कूल में कक्षा आठवीं में पढ़ता है। मंगलवार की शाम वह अपनी गली में खड़ा था। इसी दौरान शराब के नशे में एक व्यक्ति वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। अर्जुन ने विरोध किया तो गाली देते हुए अपने घर चला गया। स्वजन ने बताया कि कुछ देर बाद आरोपी फिर आया और अर्जुन पर चाकू से हमला कर दिया। अर्जुन की जांघ और बाजू में चाकू लग गया। किशोर को लहूलुहान हालत में देख स्वजन वहां खड़ी बाइक के पीछे जोड़ी गई ठेली पर लिटाकर तुरंत थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ठेली पर गढ़मुक्तेश्वर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए घायल को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068





























