
जनपद हापुड़ की 37 औद्योगिक इकाइयों की बिजली काटी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देश पर जनपद हापुड़ की 37 औद्योगिक इकाइयों की विद्युत आपूर्ति को काट दिया गया है। यह कार्रवाई रियल टाइम प्रदूषण नियंत्रण निगरानी प्रणाली स्थापित न करने के कारण की गई है। मसूरी गुलावठी रोड पर स्थित औद्योगिक क्षेत्र पर इसका सबसे अधिक प्रभाव पड़ा है। जहां एक साथ 37 कंपनियों की बिजली काटने से फैक्ट्री संचालकों में हड़कंप मचा है।
सीपीसीबी ने सभी औद्योगिक इकाइयों को रियल टाइम निगरानी उपकरण लगाने के निर्देश दिए थे। कंपनियों को 31 जनवरी तक या तो उपकरण स्थापित कर इसकी सूचना बोर्ड को देनी थी या जिन इकाइयों ने उपकरण नहीं लगाए थे उन्हें कम से कम खरीद की रसीद जमा करनी थी। बताया गया है कि जिले की कई इकाईयों ने न तो निगरानी प्रणाली लगाई और ना ही उपकरण खरीदने की औपचारिकता पूरी की। इसके बाद सीपीसीबी ने उत्तर प्रदेश नियंत्रण बोर्ड को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मंगलवार को विद्युत विभाग की टीम ने मसूरी गुलावठी रोड औद्योगिक क्षेत्र समेत पूरे जिले में चिन्हित इकाइयों की बिजली काट दी। केंद्रीय बोर्ड के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
VIKAS GLOBAL SCHOOL || ADMISSION OPEN: NURSERY TO IX & XI : 8710848586, 8710868788




























