
फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने का मामला: महिला ने बच्चों संग मांगी इच्छामृत्यु
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): उत्तराखंड के चमोली जनपद के गोपेश्वर में वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी रहे अरुण कुमार वर्मा के दो-दो मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने के मामले में मृतक की पत्नी होने का दावा करने वाली महिला ने हापुड़ के जिलाधिकारी से मुलाकात कर तीन बच्चों संग इच्छा मृत्यु की मांग की है। मामले में कार्रवाई न होने से नाराज महिला ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी हापुड़ अभिषेक पांडेय को सौंपा।
बता दें कि चमोली के हल्दापानी गोपेश्वर निवासी चंद्रकला वर्मा ने बताया कि उनका विवाह मूल रूप से बुलंदशहर जनपद के स्याना निवासी अरुण कुमार वर्मा से 20 वर्ष पहले हुआ था। ड्यूटी के दौरान 1 जून 2024 को हृदय गति रूकने से अरुण कुमार की मृत्यु हो गई। वहीं पर उनका पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद 19 जून 2024 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करणप्रयाग ने मृतक का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया था। मौत के बाद चंद्रकला वर्मा ने मृतक आश्रित में नौकरी में परिवार के पालन पोषण के लिए सरकारी धनराशि की मांग की। इस पर सामने आया कि हापुड़ की स्वर्गाश्रम रोड निवासी महिला ने भी स्वयं को मृतक की पत्नी बताते हुए हापुड़ नगर पालिका से मृतक का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराया हुआ है। यह प्रमाण पत्र 19 जुलाई 2024 को जारी हुआ है।
चंद्रकला वर्मा ने बताया कि पति की मौत के बाद वह तीनों बच्चों के साथ अकेले किराए के मकान में जीवन यापन कर रही है। आरोप है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल तक नहीं भेजा गया है जबकि वारिसान प्रमाण पत्र पालिका से नियम विरुद्ध जारी हुआ। जन्म प्रमाण पत्र निरस्त हो चुका है। कार्रवाई न होने से नाराज महिला ने इच्छा मृत्यु की मांग की है। बता दे कि मामले में कोर्ट के आदेश पर हापुड़ कोतवाली पुलिस ने नगर पालिका के तत्कालीन रजिस्ट्रार जन्म मृत्यु मनोज कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक आवेश कुमार, तत्कालीन सफाई निरीक्षक राजकुमार, सफाई नायक राजीव, राजस्व निरीक्षक अमरपाल सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल गंगा प्रसाद पटेल समेत कई खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559


























