
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अनवरपुर कट के पास गेहूं व चावल व्यापारी से हुई 64 लाख की लूट के मामले में पुलिस के हाथ 24 घंटे बाद भी खाली है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। इसके लिए 8 टीमें गठित की गई है। जनपद बुलंदशहर और गाजियाबाद की पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है। वहीं चावल व्यापारी के साथ हाईवे पर हुई 64 लाख की लूट के मामले में डीआईजी कार्यालय की ओर से थाना पिलखुवा प्रभारी निरीक्षक श्योपाल सिंह, चौकी प्रभारी छिजारसी उपनिरीक्षक मेहंत राज और चौकी प्रभारी एचपीडीए दरोगा जितेंद्र कुमार को निलंबित भी कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के सीकर जनपद के रहने वाले राकेश हापुड़ के कसेरठ बाजार निवासी एक व्यापारी से चावल का कारोबार करते हैं। शनिवार की दोपहर उन्होंने हापुड़ स्थित एचडीएफसी बैंक से रुपए निकाले थे। दो बैगों में 64 लाख रुपए लेकर वह बाइक पर सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। जैसे ही चावल व्यापारी पिलखुवा में हाईवे नो पर अनवरपुर कट के पास पहुंचे तो उन्हें स्कूटी सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर व्यापारी को आतंकित किया और रुपयों से भरा बैग लूट लिया। लूटने के बाद बदमाश छिजारसी टोल की ओर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मेरठ से एडीजी भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, एएसपी विनीत भटनागर, क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान, पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की जांच के लिए 8 टीमें गठित की है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। 24 घंटे बीतने के बावजूद भी पुलिस के हाथ खाली है।























