
अमरोहा: सिंभावली थाने में तैनात दरोगा ने 1.25 लाख में बेचा ईमान, वसूली गैंग चलाने वाला दरोगा फरार, गुर्गे गिरफ्तार
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली में तैनात दरोगा नितिन और उसके वसूली गैंग के साथियों के खिलाफ अमरोहा के थाना गजरौला पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। दरोगा नितिन पर आरोप है कि उसने अमरोहा में एक कॉलोनाइजर को रेप के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और ब्लैकमेल कर पीड़ित से सवा लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके लिए उसने थाना सिंभावली में तैनात पीआरडी जवान लाखन और सिंभावली निवासी महिला कौशर समेत अन्य साथियों की मदद से सवा लाख रुपए की रकम को ऐंठ लिया।अमरोहा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत किया और रविवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि दरोगा नितिन कुमार वर्मा पुत्र रवींद्र वर्मा और उसका साथी नवीन कुमार वर्मा अभी भी फरार चल रहे हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
यह है मामला:
पुलिस ने बताया कि नईम पुत्र अनीश अहमद निवासी सलेमपुर सालार उर्फ हाजीपुर एचोडा कम्बोह संभल ने गजरौला थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसके पास 11 दिसंबर को एक नंबर से फोन आया। कॉलर ने प्लाटिंग देखने की बात कही जिसके बाद नईम मौके पर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली में तैनात दरोगा नितिन कुमार, थाना सिंभावली में ही तैनात पीआरडी जवान लाखन, नितिन के के साथी नवीन ने पीड़ित को धमकाया और बताया कि दरोगा नितिन थाना गजरौला में तैनात है और उसके खिलाफ रेप की एक शिकायत मिली है। यदि 5,00,000 रुपए नहीं दिए तो वह मुकदमा दर्ज करा देगा। इसके पश्चात जनपद हापुड़ के सिंभावली की रहने वाली महिला कौशर को रेप पीड़िता बना कर बुलाया और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इस बीच पीड़ित पर दबाव बनाने के लिए आरोपी उसे गजरौला थाना लेकर पहुंचे। थाने के बाहर दरोगा नितिन टहलता रहा और फिरौती मांगी। इसके बाद वह साथी दीपक के यहां कमरे में ले गए और उसे वहां बंद रखा। पीड़ित ने अपने पिता से बातचीत कर सवा लाख रुपए मांगे और आरोपियों को दे दिए। इसके बाद नईम अपने घर पहुंचा।
पुलिस में की शिकायत:
घर पहुंचने नईम ने परिजनों को आपबीती बताइ जिसके बाद वह पुलिस कार्यालय पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी। अमरोहा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच की और गजरौला थाने में तुरंत सिंभावली में तैनात दरोगा नितिन कुमार कांस्टेबल, दो कांस्टेबलों और एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
चार गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार:
अमरोहा पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए खालिद, दीपक, पीआरडी जवान लाखन और कौशर को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि खालिद, दरोगा नितिन का साथी है। खालिद की ही पिछले 10 वर्षों से नईम से जान पहचान थी जिसने दरोगा नवीन को नईम को धमकाने की बात कही थी। पुलिस ने मामले में चार को गिरफ्तार कर लिया जबकि फरार दरोगा नितिन और उसके साथ ही नवीन वर्मा की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन व 20 हजार की नकदी बरामद की है।

एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365




























