वीडियो देखे:
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ नेता राकेश टिकैत ने मंगलवार को हापुड़ में आरोप लगाया कि सरकार कोरोना का भय दिखाकर किसान आंदोलन को समाप्त कराना चाहती है,परंतु सरकार लाकडाउन या कफ्र्यू लगा कर अथवा दोनों लगा कर किसान आंदोलन को समाप्त नहीं कर सकती। किसानों का आंदोलन नए कृषि कानूनों की वापसी व एमएसपी की गारंटी का कानून बनने पर ही समाप्त होगा।
भाकियू के नेता राकेश टिकैत मंगलवार की अपराह्न हाफिजपुर पड़ाव पर किसानों की महापंचायत में किसानों को सम्बोधित कर रहे थे। राकेश टिकैत बैलगाड़ी पर सवार होकर मंच तक पहुंचे। किसानों ने राकेश टिकैत को पगड़ी बांधकर तथा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस महापंचायत में जनपद हापुड़, बुलंदशहर तथा मेरठ आदि स्थानों से हजारों किसान पहुंचे।
भाकियू नेता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार को किसानों की मांग पूरी करने का दिसम्बर तक का समय दिया गया है। सरकार किसानों की आवाज अब नहीं सुनेगी तो एक-दो साल बाद सुन लेगी, आखिर सरकार किसानों के पास ही आएगी।
उन्होंने पंचायत चुनाव को लेकर कहा कि यह स्वतंत्र चुनाव है,परंतु किसान भाजपा के पक्ष में नहीं है। उन्होंने राजस्थान के अलवर जनपद के गांव ततारपुर में उन पर हुए हमले के सम्बंध में कहा कि उन्होंने छात्रों को छोडऩे की अपील की है, वह आरोपियों से बात करेंगे कि किसके कहने पर उन्होंने यह हरकत की है।























