
गढ़: सरकारी भूमि पर कब्जा करने की कोशिश, 3200 पौधे नष्ट, मुकदमा दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर चौधरी के पास जंगल में स्थित सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश की गई है। अवैध कब्जा करने वालों ने 3,200 पौधों को नष्ट कर दिया। वन दरोगा की तहरीर पर गढ़ पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग में तैनात दरोगा जयपाल सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत शाहपुर चौधरी के प्रधान और राजस्व लेखपाल ने कोथला खादर की बंजर भूमि पर पौधारोपण अभियान के तहत ज़मीन विभाग को उपलब्ध कराई थी जहां जुलाई के महीने में पौधारोपण महा अभियान के तहत जमीन पर करीब 3,200 पौधे लगाए गए। जयपाल सिंह का कहना है कि 13 नवंबर को सूचना मिली कि गांव इनायतपुर निवासी अशोक, अर्जुन, अरविंद और उनके पिता चरण सिंह ने ट्रैक्टर और हैरो चलाकर इस जमीन पर रोपे गए पौधों को खुर्दबुर्द कर दिया है जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घुटनों के दर्द, स्लिप डिस्क से परेशान तो आधुनिक मशीनों द्वारा कराएं फिजियोथैरेपी: 7417230216































