
गढ़: पुलिस से हाथापाई करने के मामले में तीन गिरफ्तार
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभाल रहे दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गढ़ कोतवाली में तैनात दरोगा गौरव कुमार, पुलिसकर्मी सचिन कुमार और उमंग कुमार के साथ यातायात व्यवस्था को संभाल रहे थे। तभी ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर आए श्रद्धालुओं की पुलिस से किसी बात को लेकर बहस हो गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों से गाली गलौज करने लगे। मना करने पर मामला बिगड़ गया जिसके बाद ट्रैक्टर ट्राली में सवार लोग लाठी-डंडे लेकर नीचे उतरे और पुलिस के साथ हाथापाई शुरू कर दी। मौके की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने बताया कि पुलिस ने दरोगा की तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई करते हुए अंकित पुत्र संजीत, निखिल पुत्र सहजीव तथा सहजीव पुत्र कालू निवासीगण बीवी नगर बुलंदशहर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।






























