
ग्राम कनिया में बिना वार्ता अंडरपास निर्माण के विरोध में किसानों का धरना प्रदर्शन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम कनिया से बाबूगढ़ थाने होते हुए किठौर मार्ग तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से बिना किसी वार्ता के अंडरपास निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया। इस एकतरफा निर्णय से नाराज ग्रामीणों और किसानों ने गुरुवार को विरोध दर्ज कराया।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के युवा जिला उपाध्यक्ष मनिंदर मसंद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आपातकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया, जो लगभग चार घंटे तक चला।
शाम के समय धरना स्थल पर पहुंचे एकलव्य सिंह सहारा ने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की, जिसके बाद धरना अस्थायी रूप से स्थगित किया गया।
एकलव्य सिंह सहारा ने कहा “यदि यह अंडरपास ग्रामीणों की सुविधा के लिए बनाया जा रहा है, तो पहले ग्रामीणों की सहमति अनिवार्य है। यदि गांव के लोग नहीं चाहते। तो यह निर्माण नहीं होना चाहिए। पूरा जिला गढ़ मेले में व्यस्त है, इसलिए कोई ठेकेदार या अधिकारी तनाव की स्थिति न बनाए, जिससे किसान मेले को छोड़कर धरने के लिए मजबूर हो। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गांव के प्रधानों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर सहमति प्राप्त की जाए, तभी निर्माण कार्य पुनः शुरू किया जाए।यह मार्ग किसानों की गन्ना ढुलाई का मुख्य रास्ता है, जो ग्राम कनिया, बिगास, मलखपुर, मतनौरा, अटूता, औरंगाबाद, छतनौरा सहित कई गांवों को जोड़ता है। वार्ता के दौरान रेलवे इंस्पेक्टर राकेश यादव, थाना अध्यक्ष बाबूगढ़ मनीष चौहान, तथा रेलवे इंजीनियर मौजूद रहे। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि उनकी सहमति के बिना कोई भी निर्माण कार्य स्वीकार्य नहीं होगा।
इस अवसर पर संदीप सिद्धू, योगेंद्र सिद्धू, सुरेंद्र चौधरी, धीरेंद्र चौधरी, माहौर सिंह, शेखर चौधरी, जिशान चौधरी, पपेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365

































