
हापुड़: आबादी के बीच अवैध रूप से 5 कुंतल पटाखों का किया भंडारण, मकान मालिक पर मुकदमा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के नवज्योति कॉलोनी में स्थित उमेश चंद्र अग्रवाल के आलीशान मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया जा रहा था। देहात थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने मुखबीर द्वारा मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच कुंतल अवैध पटाखों को बरामद कर लिया। मामले की जानकारी मिलने पर हापुड़ के क्षेत्राधिकारी वरुण कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। दरोगा प्रवेज़ चौधरी ने उमेश चंद्र अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
देहात थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि नवज्योति कॉलोनी में आबादी के बीच उमेश चंद्र अग्रवाल ने अपने मकान में करीब 5 कुंतल अवैध पटाखों का भंडारण किया था। सूचना पर पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर अवैध पटाखों की करीब 20 पेटियां बरामद की जिसमें अनार, फूलझड़ी, चकरी, स्काई शॉट, रॉकेट, गणशॉट शामिल है।
विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि आलीशान भवन में पटाखों का अवैध भंडारण किया जा रहा था। यह पटाखे पिछले लंबे समय से मंगाए जा रहे थे जिन्हें दिवाली पर बेचकर मुनाफे के लालच के चक्कर में इकट्ठा किया जा रहा था। दिवाली पर पटाखे को बेचने की फिराक में था कि तभी पुलिस ने छापामार कार्रवाई की और पटाखों के अवैध भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए उमेश चंद्र अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच कुंतल अवैध पटाखों को अपने कब्जे में ले लिया है।
सभी प्रकार के बीमों के लिये संपर्क करें : 9756129288






























