
हापुड़: तेज हवाओं के कारण गिरे रावण व मेघनाथ के पुतलों को दोबारा खड़ा कराया
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली की दिल्ली रोड पर स्थित रामलीला मैदान में विजयदशमी की तैयारी को लेकर रावण, कुंभकरण व मेघनाथ के पुतलों को सोमवार को खड़ा किया गया लेकिन मंगलवार को तेज हवाओं के कारण रावण और मेघनाथ के पुतले अचानक गिर पड़े जिससे रामलीला मैदान में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। हालांकि समिति ने समय रहते मौके पर क्रेन बुलाकर पुतलों को पुन: खड़ा कराया।
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरे के पर्व को लेकर तैयारियां काफी तेजी से चल रही है। 3 अक्टूबर की तड़के 65 फीट ऊंचा रावण, 60 फीट ऊंचा कुंभकरण और 55 सीटों ऊँचे मेघनाथ के पुतलों का दहन होगा जिसमें आतिशबाजी भी लगाई गई है। इन पुतलों पर करीब 3 लाख रुपए की लागत आई है जबकि इन पुतलों में दो लाख की आतिशबाजी लगाई गई है। मामला मंगलवार का है जब तेज हवाओं के कारण अचानक रावण और मेघनाथ के पुतले नीचे गिर पड़े। इसके बाद समिति के पदाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और क्रेन मंगवाकर पुतलों को दोबारा खड़ा कराया।






























