
सपा नेता से रुपए दोगुना करने का झांसा देकर 2.35 लाख ठगे
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श नगर की रहने वाली समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिला महासचिव अफसाना से एक व्यक्ति ने 2.35 लाख रुपए हड़प लिए। आरोपी ने पीड़िता को तीन साल में रुपए दोगुना करने का झांसा दिया। पीड़िता ने बताया कि वह अपने वार्ड से सभासद का चुनाव भी लड़ चुकी है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अफसाना ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई जिसने बताया कि उसने नोएडा की कंपनी ज्वाइन की हुई है जिसमें निवेश करने पर तीन साल में धन दोगुना कर वापस किया जाता है। एक साल के अंदर प्रतिमाह मुनाफा मिलना शुरू हो जाता है। इसके बाद उसने कंपनी में निवेश किया। आरोपी के झांसे में आकर उसने दो लाख 35 हजार रुपए निवेश कर दिए। महिला का कहना है कि एक साल से अधिक समय होने के बाद भी उसे मुनाफा नहीं मिला। उन्होंने 23 अगस्त को आरोपी के मोबाइल पर कॉल कर रुपए वापस मांगे। आरोपी ने गाली गलौज करते हुए दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच चल रही है।
The Raymond Shop से उठाएं 50% तक सेल का फायदा: 9149331926































