
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आनंद विहार में शनिवार को एक बंद मकान में लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची जिसने मकान का ताला तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच में पता चला कि लाश तीन-चार दिन पुरानी है। लाश से काफी दुर्गंध आ रही थी। पुलिस व अन्य लोगों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर भीतर प्रवेश किया।
जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय मुन्ना खान की तीन-चार दिन पहले मौत हो गई थी जबकि मकान के बाहर से ताला लगा था। शनिवार को आसपास मौजूद लोगों को जब बदबू आई तो उन्होंने पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पाकर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची जो मकान का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुई। मकान से इतनी ज्यादा बदबू आ रही थी कि सभी को मुंह पर कपड़ा बांधना पड़ा। भीतर प्रवेश करते ही लाश देख सभी के होश उड़ गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक की मौत का कारण पता चल सकेगा।























