शीतल पेय के गोदाम, बिजली भंडार व वॉशिंग वर्कशॉप में मिली बिजली चोरी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के कुचेसर चोपड़ा पर ऊर्जा निगम की टीम ने बिजली चोरी की शिकायत पर कई स्थानों पर छापामार कार्रवाई की। शीतल पेय के गोदाम समेत तीन स्थान पर बिजली चोरी पकड़ी गई जिसके बाद तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसडीओ उपेड़ा अनूप मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में बिजली चोरी की सूचना मिल रही थी जिसके बाद वह और जेई प्रमोद कुमार टीम के साथ कुचेसर चौपला के रेलवे फाटक पर पहुंचे जहां उन्होंने चेकिंग अभियान चलाया। यहां शीतल पेय के गोदाम में बिना विद्युत कनेक्शन के एक एसी व लाइट चलते मिले। टीम ने जाकर जांच की तो गोदाम के ऊपर से जा रहे बिजली केबल में कट लगाकर बिजली की चोरी की जा रही थी। इसी के साथ वॉशिंग वर्कशॉप में भी बिना विद्युत कनेक्शन के वर्कशॉप चलती मिली। इसी के साथ बिजली भंडार की दुकान भी बिजली चोरी से चल रही थी। इसके बाद विभाग ने एंटी थेफ्ट थाने में वनखंडा निवासी अरुण, रसूलपुर निवासी देवेंद्र और शकरपुर निवासी प्रदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
एस. ए. इंटरनेशनल स्कूल में एडमिशन के लिए सम्पर्क करेः 9258003065


























