हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस की चैकिंग के दौरान वाहन चोरी करने की फिराक में घूम रहे बदमाश से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्यवाही में अंतर्राज्यीय शातिर वाहन चोर को पुलिस ने घायलावस्था में गिरफ्तार किया है जिसके कब्जे से अवैध असलहा मय जिन्दा व खोखा कारतूस एवं जनपद मेरठ के थाना मेडिकल क्षेत्र से चोरी की गई एक स्पलेंडर मोटर साइकिल बरामद हुई है। गढ़ के सीओ आशुतोष शिवम के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम राशिद उर्फ काला पुत्र शौकीन निवासी समर गार्डन थाना लिसाड़ीगेट जनपद मेरठ बताया है।
गिरफ्तार बदमाश शातिर किस्म का अंतर्राज्यीय वाहन चोर जिसके विरुद्ध दिल्ली, हरियाणा व जनपद मेरठ, गौतमबुद्धनगर, हापुड़ आदि जनपदों में वाहन चोरी आदि अपराधों के करीब दो दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत है। पुलिस को वाहन चोर का इनपुट मिला था जिसके बाद उसने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। जब पुलिस ने बदमाश को चेकिंग के दौरान रुकने का इशारा किया तो वह नहीं रुका जिसके बाद दोताई नहर के पास एक बार फिर बदमाश को रोकने का प्रयास किया जिसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। करारा जवाब देते हुए पुलिस ने बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।






























