हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): अब जनपद हापुड़ का विकास तेजी से होगा। नई महायोजना 2021 को शासन से स्वीकृति मिल गई है जिसके तहत 2005 के बाद 19 वर्षों के पश्चात नई महायोजना के तहत जनपद का विकास होगा। महायोजना के पहले चरण में हापुड़ और पिलखुवा क्षेत्र का विकास होगा जबकि दूसरे चरण में ब्रजघाट और गढ़ का विकास किया जाना है। करीब डेढ़ वर्ष से जारी प्रक्रिया के दौरान महायोजना का प्रस्ताव कई बार शासन को भेजा गया। इसके बाद इस पर कई बार आपत्तियां लगाकर इसका संशोधित प्रस्ताव शासन द्वारा मांगा गया जिसे सोमवार की रात को अनुमति मिल गई। वहीं महायोजना स्वीकृत होने के पश्चात उद्यमियों में भी उत्साह है।
13 एमओयू हुए प्राप्त:
एचपीडीए के उपाध्यक्ष डॉ नितिन गौड़ ने बताया कि हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण क्षेत्र में रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश के लिए कुल 13 एमओयू प्राप्त हुए हैं जिनमें से प्राधिकरण में मानचित्र स्वीकृति के लिए चार प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं जिनमें से तीन मानचित्र स्वीकृत किए जा चुके हैं। इन प्रस्ताव के तहत लगभग 1194 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा और 2680 लोगों को रोजगार मिलेगा।
बढ़ेगा आवासीय क्षेत्रफल:
योजना के तहत 51.27% क्षेत्रफल को आवासीय रखा गया है। उसके साथ ही औद्योगिक मनोरंजन व्यावसायिक क्षेत्र का दायरा भी बढ़ाया गया है। औद्योगिक क्षेत्र 9.60%, व्यवसायिक 2.82 %, कार्यालय 1.14 %, मनोरंजन 17.21 %, परिवहन 10.41 % प्रतिशत रखा गया है। आचार संहिता से पहले योजना को स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में हर्ष की लहर है।
यह व्यवस्था होंगी:
महायोजना के तहत अवस्थापना सुविधाएं जैसे सड़क, सीवर, पानी, विद्युत, सॉलिड वेस्ट आदि के उचित प्रबंधन की व्यवस्था की जाएगी। उच्च श्रेणी के आवासीय क्षेत्र का विकास होगा, शहर के यातायात व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा। जलाशय, बाग, बगीचे संरक्षित क्षेत्र को संरक्षित किया जाएगा। पर्यावरणीय स्थिरता को बनाए रखा जाएगा। सामुदायिक सुविधाएं जैसे कन्वेंशन सेंटर, स्टेडियम, मेडिकल और शैक्षिक आदि क्षेत्र का भी विकास होगा।
ऑनलाइन गैजेट, होम डेकोर, स्टेशनरी आदि खरीदने के लिए कॉल करें: 9837477500 पर



























