पुलिस पर पथराव करने वालों को दबोचा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पुलिसकर्मियों पर हमला किया और महिलाओं ने मकान की छत से पथराव किया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल हापुड़ के मोहल्ला चमरी निवासी ताराचंद ने छह महीने पहले अपनी भैंस को चुगाई के लिए मोहल्ला कोटला मेवटियान निवासी मारूफ को दी थी। इसके बदले तीन हजार रुपए प्रतिमाह मारूफ को देता आ रहा है। आरोप है कि मारूफ उसकी भैंस को तीन महीने से वापस नहीं कर रहा था। सोमवार को वह अपने बेटे के साथ भैंस लेने मारूफ के घर पहुंचा तो मारूफ और खालिद ने दोनों को बंधक बनाकर खूब पीटा। उसके बाद बाप-बेटे कोतवाली पहुंचे और पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने मारूफ और खालिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और सोमवार की देर रात हापुड़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए मोहल्ले में पहुंचे तो मारूफ, खालिद, निजाम उर्फ भूरा, तीन अज्ञात व्यक्तियों व तीन महिलाओं ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की कर लाठी से हमला किया। इतना ही नहीं पुलिस पर पथराव भी हुआ। इसके बाद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और हल्का बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ दिया और मौके से खालिद और निजाम उर्फ भूरा को दबोच लिया। पुलिस जांच कर रही है।
ऑनलाइन गैजेट, होम डेकोर, स्टेशनरी आदि खरीदने के लिए कॉल करें: 9837477500 पर


































