महिला उत्पीड़न से खफा कांग्रेसियों का प्रदर्शन
हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com): उत्तर प्रदेश में महिलाओं के कथित उत्पीड़न तथा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के विरुद्ध दर्ज कथित झूठे मुकद्दमे के विरोध में बुधवार को हापुड़ में कांग्रेसजनों ने उपजिलाधिकारी के दफ्तर पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी बलात्कारियों को फांसी दो तथा महिला उत्पीड़न बंद करो के नारे लगा रहे थे। कांग्रेसियों ने अपनी मांगों के समर्थन में एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी को दिया।
जनपद हापुड़ के कांग्रेस प्रभारी पुरुषोत्तम नागर, जिलाध्यक्ष मिथुन त्यागी व शहर अध्यक्ष अभिषेक गोयल की अगुवाई में बड़ी तादाद में कांग्रेसजन नारेबाजी करते हुए एक जुलूस के रुप में उपजिलाधिकारी के दफ्तरह पर पहुंचे, जहां कांग्रेसजनों ने जमकर प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए। कांग्रेस के जिला प्रभारी पुरुषोत्तम नागर ने सुल्तानपुर में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए बदमाश विनोद उपाध्याय की मुठभेड़ को फर्जी करार दिया और मुठभेड़ की न्यायिक जांच की मांग की। वाराणसी में एक युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों के विरुद्ध आवाज उठाने पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के विरुद्ध मुकद्दमा दर्ज करने पर नाराजगी जाहिर की। कांग्रेसजनों ने मुकद्दमा वापिस लेने के साथ ही प्रयागराज में युवती के साथ सामूहिक गैंग रेप के आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने व बलात्कारियों को फांसी पर लटकाने की मांग की।
हापुड़ के कांग्रेसजनों ने मांग के समर्थन में एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी सुनीता सिंह को दिया। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता अरविंद शर्मा, विक्की शर्मा, मनसुब जकरिया सहित बड़ी तादाद में कांग्रेसी उपस्थित थे।
चर्म रोग, गुप्त रोग व एलर्जी के लिए संपर्क करें डॉ शिशिर गुप्ता: 9719123457


























